सूरजपुर में बड़ा हादसा: SECL कर्मियों से भरी बस पुलिया से गिरी, चालक की मौत, सात घायल
Artical by Shajad Ansari
सूरजपुर (छत्तीसगढ़):
सूरजपुर जिले में शुक्रवार रात एक गंभीर सड़क हादसा हो गया, जब रात्रिकालीन ड्यूटी के लिए जा रही SECL कर्मियों से भरी बस एक संकीर्ण पुलिया से नीचे गिर गई। इस हृदयविदारक हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
यह बस भटगांव-जरही मार्ग से जगन्नाथपुर (महान-3) खदान की ओर जा रही थी। बस में SECL के 16 कर्मचारी सवार थे। हादसा ग्राम बोझा के पास उस समय हुआ जब बस सुखड़ू पुलिया पर पहुंची और संकीर्ण पुल पर बने गहरे गड्ढे से बचने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया। परिणामस्वरूप बस पुलिया से नीचे गिरकर पलट गई।
मौके पर अफरातफरी, घायलों का रेस्क्यू जारी
बस के पीछे चल रहे एक प्रबंधक ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया। तीन गंभीर रूप से घायल कर्मियों को उन्होंने निजी वाहन से अंबिकापुर के जीवन ज्योति अस्पताल पहुंचाया। अन्य घायलों को एंबुलेंस की मदद से भटगांव अस्पताल ले जाया गया, जहां से चार और कर्मियों को हालत बिगड़ने पर अंबिकापुर रेफर किया गया है।
पुलिया पर पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय ग्रामीणों और कर्मियों के अनुसार जिस पुलिया पर यह हादसा हुआ, वहां पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। यह पुलिया न केवल संकीर्ण है, बल्कि मोड़ के बाद ढलान पर स्थित होने के कारण काफी खतरनाक बन चुकी है। खासकर रात के समय दृश्यता कम होने से जोखिम और बढ़ जाता है।
सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
यह हादसा फिर एक बार सवाल खड़ा करता है कि खनन क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी कितनी गंभीर है। बार-बार चेतावनी और हादसों के बावजूद पुलिया की मरम्मत नहीं कराना एक बड़ी लापरवाही मानी जा रही है।
स्थानीय लोगों और कर्मियों ने मांग की है कि इस पुलिया का तत्काल चौड़ीकरण और मरम्मत की जाए तथा गड्ढों को भरकर एक सुरक्षित मार्ग बनाया जाए।