12वीं हिंदी का पेपर रद्द, 10 अप्रैल को फिर होगी परीक्षा – छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल का आदेश

12वीं हिंदी का पेपर रद्द, 10 अप्रैल को फिर होगी परीक्षा – छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल का आदेश

Artical by Shajad Ansari 

बैकुंठपुर , 24 मार्च 2026।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 12वीं के हिंदी विषय की परीक्षा को निरस्त कर दिया गया है। मंडल द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह परीक्षा अब 10 अप्रैल 2026 को पुनः आयोजित की जाएगी।

जानकारी के अनुसार कक्षा 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा 14 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी। इसके बाद 15 एवं 16 मार्च 2026 को सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में प्रश्नपत्र के सेट “बी” के लीक होने का दावा किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच के लिए साइबर थाना में लिखित सूचना दी गई तथा सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई।

माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा समिति की बैठक 23 मार्च 2026 को आयोजित की गई, जिसमें पूरे मामले की समीक्षा की गई। समिति के निर्णय के अनुसार निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से 14 मार्च को आयोजित हिंदी की परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया गया।

मंडल के सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब कक्षा 12वीं हिंदी विषय की परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को दोबारा आयोजित की जाएगी। इस निर्णय से प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को पुनः परीक्षा देनी होगी।

मंडल ने संबंधित अधिकारियों को इस आदेश की जानकारी देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।