सूत्र- इंडियन गैस एजेंसी के कर्मचारियों पर अवैध वसूली का आरोप, उपभोक्ताओं से ली जा रही अधिक राशि

सूत्र- इंडियन गैस एजेंसी के कर्मचारियों पर अवैध वसूली का आरोप, उपभोक्ताओं से ली जा रही अधिक राशि

Artical by Shajad Ansari 

चरचा कॉलरी: इंडियन गैस एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा उपभोक्ताओं से सिलेंडर की निर्धारित कीमत से अधिक पैसे वसूले जाने का मामला सामने आया है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग के दौरान मौजूदा दर ₹892 होने के बावजूद कर्मचारियों द्वारा ₹900 वसूले जा रहे हैं। यह अतिरिक्त ₹8 की राशि हजारों उपभोक्ताओं से ली जा रही है, जिससे हर महीने बड़ी रकम का हेरफेर हो रहा है।

सूत्रों के अनुसार, इंडियन गैस एजेंसी से जुड़े उपभोक्ताओं की संख्या लगभग 5,000 के आसपास है। यदि प्रत्येक उपभोक्ता से ₹8 अतिरिक्त लिए जाएं, तो महीनेभर में यह राशि ₹40,000 तक पहुंच जाती है। यह अनियमितता एक दिन या एक महीने की नहीं, बल्कि वर्षों से जारी है। इस प्रकार, अब तक लाखों रुपये उपभोक्ताओं की जेब से निकाले जा चुके हैं।

गैस सिलेंडर की कीमतों में समय-समय पर बदलाव होता रहता है, लेकिन उपभोक्ताओं को इसकी सही जानकारी न होने का फायदा उठाकर एजेंसी के कर्मचारी अधिक पैसे वसूल रहे हैं। सवाल यह उठता है कि आखिर उपभोक्ताओं के साथ यह धोखाधड़ी कब तक जारी रहेगी? क्या सरकारी एजेंसियों को इस ओर ध्यान नहीं देना चाहिए? आखिर यह अवैध रूप से ली गई राशि किसकी जेब में जा रही है?

स्थानीय उपभोक्ताओं ने प्रशासन से इस मामले की जांच कराने और दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। यदि यह गड़बड़ी सही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं के साथ इस प्रकार की ठगी न हो।